फर्रुखाबाद : कायमगंज में मंदिर से लौट रही युवतियों से अभद्रता का आरोप, एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने की पुलिस से शिकायत

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र स्थित एक गांव में भगवान शंकर मंदिर से पूजा-अर्चना कर घर लौट रही युवतियों के साथ अभद्रता करने का मामला सामने आया है। बता दें कि घटना 3 अगस्त की शाम लगभग 5:30 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि जब गांव की युवतियां मंदिर से वापस आ रही थीं, तभी गांव के ही दूसरे समुदाय के दो युवकों ने उनके साथ अशोभनीय व्यवहार किया।

विरोध करने पर दी धमकी

पजब युवतियों ने इस व्यवहार का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की का प्रयास किया। किसी तरह युवतियां सुरक्षित अपने घर पहुंचीं और परिजनों को आपबीती बताई। ग्रामीणों का कहना है कि विरोध करने और शिकायत करने पर आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे परिजनों में चिंता का माहौल है।

ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी है। एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, इसलिए कड़ा रुख अपनाना आवश्यक है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई : सीओ

मामले में क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दी गई तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार निष्पक्ष और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें