जनपद फर्रूखाबाद के थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित बढ़पुर इलाके में एक निजी अस्पताल के पास लावारिस अवस्था में नवजात शिशु का शव मिला। स्थानीय लोगों की नजर जब वहां पड़ी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कादरीगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

लोहिया अस्पताल में जांच और पोस्टमार्टम
पुलिस ने नवजात को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का अनुमान है कि नवजात का जन्म घटना से कुछ घंटे पहले ही हुआ था। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सीसीटीवी फुटेज और अस्पताल रिकॉर्ड की जांच जारी
घटना की सूचना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस कादरीगेट और आसपास के निजी अस्पतालों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है ताकि नवजात को वहां छोड़ने वाले की पहचान की जा सके।


















