फर्रुखाबाद : बाइक की किश्त के पैसे न देने पर कलयुगी बेटे ने पिता की ईंट से कूचकर की बेरहमी से हत्या, आरोपी फरार – पुलिस जांच में जुटी

जनपद फर्रुखाबाद में रिश्तों को तार तार कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक कलयुगी बेटे ने चंद रुपयों की खातिर अपने ही बूढ़े पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। पूरा मामला मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के लोहिया नगर वार्ड का है। बता दें कि 68 वर्षीय बुजुर्ग रामदास रविवार की रात को अपने घर के बाहर चारपाई पर नींद सो रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनका अपना ही बेटा श्यामकुमार उनका काल बनकर आने वाला है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी बेटे ने रविवार को ही किश्त पर एक नई बाइक खरीदी थी, जिसकी किश्त चुकाने के लिए वह पिता पर अपनी जमीन बेचने का दबाव बना रहा था।

मोहम्मदाबाद
बाएं मृतक रामदास का फाइल फोटो, दाएं आरोपी बेटा श्याम कुमार

चारपाई पलटकर पिता पर ईंटों से किया ताबड़तोड़ वार

ज़मीन बेचने से मना करने पर आरोपी श्यामकुमार इस कदर भड़क गया कि उसने आधी रात को हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। रविवार रात करीब 1 बजे जब पिता गहरी नींद में थे, तब श्यामकुमार वहाँ पहुँचा। उसने पहले सो रहे पिता की चारपाई को पलट दिया और फिर पिता को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इतने से भी जब उसका दिल नहीं भरा, तो उसने पास में रखी कुर्सी से पिता पर वार किया और फिर पास पड़ी ईंट उठाकर बुजुर्ग पिता के सिर और चेहरे पर कई बार ताबड़तोड़ वार किए। प्रहार इतने जोरदार थे कि बुजुर्ग रामदास की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। इस घटना के बाद आरोपी बेटा रात के अंधेरे में ही मौके से फरार हो गया।

सुबह जब खुली मेन गेट, तो सामने था खौफनाक मंजर

सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब एक पड़ोसी अपनी भैंस को चारा डालने जा रहा था, तो उसने देखा कि रामदास के घर का मेन गेट खुला हुआ है और बाहर चारपाई उल्टी पड़ी है। जब उसने पास जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए, चारपाई के नीचे रामदास का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। पड़ोसी ने तुरंत इसकी जानकारी मृतक की बड़ी बहू ममता को दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। बहू ने बिना देर किए फौरन इस खौफनाक वारदात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

मोहम्मदाबाद
मोहम्मदाबाद

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा, आरोपी की तलाश जारी

हत्या की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुँचकर बारीकी से जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी श्यामकुमार लगातार पिता पर जमीन बेचने का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें