फर्रुखाबाद : तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी बाइक में टक्कर, हादसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री की मौत, शिक्षामित्र पति अस्पताल में भर्ती

बुधवार को जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव सदरियापुर के पास जनपद कन्नौज के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के गांव नौली मोहिया निवासी गीता देवी, जोकि पेशे से एक आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री थीं, अपने शिक्षामित्र पति किशोर कुमार के साथ फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ में स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती अपने एक रिश्तेदार को देखने आई थीं। रिश्तेदार का हाल-चाल लेने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

फर्रुखाबाद
मृतका गीता देवी का फाइल फोटो

कमलगंज से लोहिया अस्पताल तक दौड़ी एम्बुलेंस, डॉक्टरों ने गीता को मृत घोषित किया

हादसे के बाद राहगीरों व ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। वहां मौजूद लोगों ने घायल दंपति को आनन-फानन में तत्काल कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचते ही चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद गीता देवी को मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, घायल पति किशोर कुमार का इलाज लोहिया अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

अस्पताल में भर्ती मृतक गीता देवी के पति किशोर कुमार

मौके पर पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कमालगंज थाना पुलिस बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मृतका गीता देवी के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी है और आरोपी ट्रैक्टर चालक व वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें