गुरुवार की रात जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाने से महज कुछ ही कदमों की दूरी पर एक सिरफिरे आशिक ने घर की तीसरी मंजिल की छत पर बैठी 18 वर्षीय युवती को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से बड़ी आसानी से भाग निकला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

छत पर टहल रही थी सलोनी, अचानक आया हमलावर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के बीबीगंज मोहल्ले निवासी विवेक कुमार का परिवार मऊदरवाजा थाने के पास बहादुरगंज में दीपक शाक्य के मकान में किराए पर रहता है। देर रात विवेक की पत्नी प्रीति अपनी 18 साल की बेटी सलोनी के साथ मकान की तीसरी मंजिल की छत पर टहलने के बाद आराम से बैठी हुई थी। इसी बीच अचानक घर में आने-जाने वाला एक युवक वहां धमक पड़ा। माँ ने बताया कि युवक बिना कुछ बात किए सीधे छत पर आया और उसने सलोनी पर तमंचा तानकर गोली चला दी। गोली सलोनी के दाहिने पैर को चीरती हुई दूसरी तरफ निकल गई।
एक साल से चल रही थी शादी की बात, इस वजह से था नाराज
अस्पताल में भर्ती घायल सलोनी ने आपबीती बताते हुए कहा कि गोली मारने वाले युवक से पिछले करीब एक साल से उसकी शादी की बात चल रही थी। लेकिन पिछले कुछ समय से उनके बीच कोई बातचीत नहीं हो रही थी। सलोनी ने बताया कि वह पिछले आठ दिनों से काम करने के लिए टाउन हॉल जाने लगी थी, जिसके कारण युवक उससे बात नहीं कर पा रहा था। इसी बात से नाराज होकर वह अचानक उनके घर आया और परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा। सलोनी को लगा कि वह उसकी माँ पर हमला करेगा, लेकिन जैसे ही वह बीच-बचाव के लिए आगे बढ़ी, युवक ने उसे गोली मार दी।
थानाध्यक्ष ने अपनी कार से पहुँचाया अस्पताल, आरोपी के पिता हिरासत में
गोली चलने की आवाज और सलोनी की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने बिना वक्त गंवाए घायल सलोनी को अपनी निजी कार में बिठाया और तुरंत लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी गिरीश कुमार सिंह और सीओ सिटी अभय वर्मा ने भी अस्पताल पहुँचकर पीड़िता और उसकी माँ से घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के पिता को हिरासत में ले लिया है और मुख्य आरोपी की तलाश में टीमें लगा दी हैं।


















