जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज क्षेत्र के गांव चकरपट्टी में परिजनों ने एक महिला और उसके रिश्ते के देवर को एक कमरे में साथ पकड़ लिया। इसके बाद गुस्से में आए परिजनों ने कानून को अपने हाथ में ले लिया। आरोप है कि दोनों को कमरे में बंद करके बेरहमी से पीटा गया, उनका मानसिक उत्पीड़न किया गया और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया, फिर घर से निकाला
क्रूरता यहीं नहीं रुकी, परिजनों ने लोक-लाज और इंसानियत को ताक पर रखकर महिला और उसके देवर को जूतों की माला पहना दी। इसके बाद उन्हें सरेआम पूरे गांव में घुमाकर तमाशा बनाया गया। इस घोर अपमानजनक घटना के बाद दोनों को जबरन घर से बाहर निकाल दिया गया। यह पूरी वारदात करीब दो हफ्ते पहले की बताई जा रही है, जिसके बाद से परिवार में विवाद लगातार बढ़ता चला गया।
थाने पहुंचे पीड़ित, पुलिस ने सास-ससुर पर दर्ज किया मुकदमा
अपमान का घूंट पीने के बाद, आखिरकार रविवार को पीड़ित महिला और युवक नवाबगंज थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित तहरीर देकर इंसाफ की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले को शांत कराते हुए परिजनों की सहमति और दोनों पीड़ितों की मर्जी से महिला को उसके देवर के साथ भेज दिया। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सास रामकली और ससुर रामौतार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

फर्रुखाबाद : देवर-भाभी को कमरे में किया बंद, जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया!

















