फर्रुखाबाद : देवर-भाभी को कमरे में किया बंद, जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया!

फर्रुखाबाद जिले से मर्यादा और कानून को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां थाना नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव चकरपट्टी में एक देवर और भाभी के बीच पनपे प्रेम प्रसंग का अंत बेहद खौफनाक तरीके से हुआ। प्यार की भनक लगते ही परिवार वालों ने ऐसी साजिश रची कि दोनों की जिंदगी बदतर हो गई। आइए जानते हैं क्या है पूरी इनसाइड स्टोरी।

ठंडे पानी के बहाने बिछाया ‘हनीट्रैप’, कमरे में ऐसे फंसे दोनों प्रेमी

बताया जा रहा है कि युवक का अपनी ही दूर की भाभी से मेलजोल बढ़ गया था। जब इसकी खबर महिला की देवरानी और सास को लगी, तो उन्होंने दोनों को रंगे हाथों पकड़ने का जाल बुना। 17 मई को जब युवक भाभी के घर ठंडा पानी लेने पहुंचा, तो सास और देवरानी ने उसे चालाकी से फ्रिज वाले कमरे में भेज दिया, जहां भाभी पहले से मौजूद थी। युवक के कदम रखते ही बाहर से कुंडी चढ़ा दी गई। इसके बाद शोर मचाकर पूरे कुनबे को इकट्ठा कर लिया गया।

भाई ने तानी बंदूक, जूतों की माला पहनाकर सड़क पर डेढ़ घंटे किया टॉर्चर

कमरे का दरवाजा खुलते ही परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। युवक की जमकर धुनाई की गई। सूचना मिलते ही महिला का भाई भी मौके पर पहुंच गया, उसने दोनों को तमंचे से उड़ाने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं। दोनों को आंगन में लाकर जूतों की माला पहनाई गई, पूरे गांव में जुलूस निकाला गया और मेन रोड पर डेढ़ घंटे तक खड़ा रखकर आने-जाने वालों के सामने शर्मसार किया गया। इसके बाद दोबारा गांव आने पर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया।

दर-दर भटकने के बाद पहुंचीं थाना, अब पुलिस खोल रही है मामले की कुंडली

गांव से दुत्कारे जाने के बाद यह प्रेमी जोड़ा मथुरा, हाथरस और मेरठ में ठिकाने बदलता रहा। रविवार को जब वे वापस फर्रुखाबाद लौटे, तो परिजनों के डर से युवक महिला को कादरीगेट इलाके में छोड़कर कासगंज भाग निकला। पीड़ित महिला ने हिम्मत जुटाकर पहले कादरीगेट और फिर घटना स्थल नवाबगंज थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। महिला अब पुलिस से इंसाफ और अपने तीन बच्चों को वापस दिलाने की गुहार लगा रही है।

क्या कहती है पुलिस? क्षेत्राधिकारी ने खोला राज 

इस पूरे मामले पर क्षेत्राधिकारी (CO) अजय वर्मा का कहना है कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब दो सप्ताह पहले परिजनों ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था, जिसके बाद उन्हें घर से निकाल दिया गया था। महिला ने थाने आकर शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, जूतों की माला पहनाने और गांव में घुमाने के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, जो भी दोषी होगा उस पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें