फर्रुखाबाद : एटा निवासी युवक की लोहिया अस्पताल में मौत, दिव्यांग पत्नी के सामने पति को दौड़ाकर मारी गोली

सोमवार की देर रात जनपद एटा में दिव्यांग पत्नी को शौच कराकर घर लौट रहे एक 21 वर्षीय युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। खून से लथपथ युवक को परिजनों ने जिले फर्रुखाबाद के डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल मैं भर्ती कराया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने मेडिकल परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

फर्रुखाबाद
मृतक आशीष का फाइल फोटो

घर के बाहर खड़े थे तीन संदिग्ध, टोकने पर खींचकर मारी गोली

बता दें कि पड़ोसी जनपद एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव सादनपुर निवासी नरवीर का 21 वर्ष का पुत्र आशीष देर रात लगभग 12 बजे अपनी दिव्यांग पत्नी प्रीती को शौच के लिए खेतों की तरफ लेकर गया था। मृतक के परिजनों ने बताया कि घर में शौचालय न होने के कारण उन्हें देर रात बाहर जाना पड़ा। जब आशीष पत्नी के साथ खेतों से वापस लौट रहा था, तभी घर के पास उसे तीन अज्ञात युवक संदिग्ध हालत में खड़े दिखाई दिए। आशीष ने जैसे ही उन्हें आवाज दी और शोर मचाया, हमलावरों ने उसे दबोच लिया। आरोपी उसे घर के दरवाजे से करीब 10 मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गए और सीने में गोली दाग दी।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन, लोहिया अस्पताल में पसरा मातम

गोली की आवाज और प्रीती के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजनों ने जमीन पर तड़प रहे आशीष को आनन-फानन में फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही कादरीगेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई। आशीष की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां अनीता देवी और पत्नी प्रीती का रो-रोकर बुरा हाल है। आशीष चार भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी दो साल पहले ही शादी हुई थी, उसकी एक साल की मासूम बेटी भी है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

गांव में चोरी की चर्चा, पुलिस खंगाल रही है सुराग

लोहिया अस्पताल की मोर्चरी पर जुटे ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गांव में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। आशंका जताई जा रही है कि रात के समय आए ये तीनों युवक चोर थे। जब आशीष ने उन्हें देखा और टोकते हुए शोर मचाया, तो पकड़े जाने के डर से चोरों ने उस पर तमंचा तान दिया और गोली मार दी। फिलहाल अलीगंज पुलिस को पूरी घटना की सूचना दे दी गई है। एटा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और अज्ञात हमलावरों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें