जनपद फर्रुखाबाद में पति के साथ आगरा बच्चे की दवाई लेने गई पत्नी अपने प्रेमी के साथ रफूचक्कर हो गई। पीड़ित पति ने पुलिस गुहार लगाते हुए कहा कि पत्नी लाखों रुपए की कीमत के जेवर व नगदी भी अपने साथ ले गई है।
क्या है पूरा मामला
थाना कादरीगेट क्षेत्र के लालदरवाजा निवासी पीड़ित पति दीपक कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती 7 जून को वह अपनी पत्नी आरती कश्यप और बच्चों के इलाज के लिए आगरा गया हुआ था। इसी दौरान आरती ने दवा लेने का बहाना बनाया और घर से डॉक्टर के पास जाने की बात कहकर निकली। लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी देर तक जब वह घर नहीं आई तो पति ने फोन मिलाया, लेकिन उसका मोबाइल नंबर भी लगातार बंद आने लगा।
घर की तिजोरी साफ, बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी सिर्फ अकेले नहीं गई है, बल्कि घर में रखे करीब 30 ग्राम सोने के गहने और 14,440 रुपये की नकदी भी अपने साथ समेट ले गई है। दीपक ने श्यामनगर भीपत पट्टी के रहने वाले रोहित श्रीवास्तव नाम के युवक पर अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का सीधा आरोप लगाया है। दीपक और आरती की शादी 5 साल पहले हुई थी और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां के अचानक गायब हो जाने से दोनों मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनकी तबीयत भी बिगड़ गई है।
पहले भी भाग चुकी है पत्नी, फुटपाथ पर सब्जी बेचता है पति
फुटपाथ पर आलू और सब्जी बेचकर जैसे-तैसे अपने परिवार का पेट पालने वाले दीपक की आंखों में सिर्फ आंसू हैं। दीपक ने बताया कि उसकी पत्नी पिछले कई महीनों से उस युवक के संपर्क में थी। यह कोई पहली बार नहीं है, इससे पहले भी आरती एक बार घर छोड़कर भाग चुकी है, हालांकि बाद में वो वापस लौट आई थी। पीड़ित पति ने आंखों में आंसू लिए थाने पहुंचकर पुलिस से अपनी पत्नी को ढूंढने और बच्चों को उनकी मां से मिलवाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की अर्जी ले ली है और जांच शुरू कर दी है।


















