फर्रुखाबाद : बेटी की मौत का सदमा नहीं झेल पाया बेबस पिता, घर से लापता होने के बाद रेलवे ट्रैक पर मिला शव – परिवार में मचा कोहराम

सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां बेटी की मौत का गम एक बेबस पिता बर्दाश्त नहीं कर सका और ट्रेन की चपेट में आने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 52 वर्षीय विजेंद्र के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कन्नौज के रहने वाले थे और फिलहाल फतेहगढ़ के वनखड़िया में किराए पर रह रहे थे। रविवार की रात वह बिना बताए अचानक घर से निकले थे, जिसके बाद उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया।

फर्रुखाबाद
मृतक विजेंद्र का फाइल फोटो

हनुमान मंदिर के पास मिला शव, शरीर पर चोट के निशान

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। विजेंद्र का शव हनुमान मंदिर के पास रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा हुआ मिला। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंची पत्नी पूनम और परिवार के अन्य सदस्यों ने रोते-बिलखते हुए शव की शिनाख्त की।

बेटी की मौत और ससुराल वालों से अनबन बनी वजह!

मृतक की पत्नी पूनम ने बताया कि तीन दिन पहले ही उनकी शादीशुदा बेटी लक्ष्मी की अचानक मौत हो गई थी। लक्ष्मी पिछले दो महीने से काफी बीमार चल रही थी, जिसे लेकर ससुराल पक्ष से तीखी कहासुनी हुई थी और दोनों परिवारों में बातचीत भी बंद हो गई थी। बेटी की असमय मौत से विजेंद्र गहरे सदमे और मानसिक तनाव में थे, जिसके चलते वह बिना बताए घर से निकल गए और यह हादसा हो गया। पुलिस फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें