शनिवार की देर रात जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में टेबल फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से एक वृद्धा की दर्दनाक मौत हो गई। वृद्धा की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
क्या है पूरा मामला
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव प्रेमनगर निवासी भीमपाल की 59 वर्षीय पत्नी राजवती टेबल फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे के वक्त पति सब्जी लेने के लिए बाजार आया था। जब वह घर पहुंचा तो देखा कि पत्नी अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ी हुई थी।
अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित
गंभीर रूप झुलसी वृद्धा को परिजन आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे चिकित्सीय परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। वृद्धा की मौत की सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने दी जानकारी
मृतक वृद्ध महिला के परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि वृद्धा व उसका पति घर में अकेले रहते है। वृद्धा के दो बेटे हैं जो दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते है। हादसे के वक्त पति भीमपाल सब्जी लेने बाजार गए हुए थे। फिलहाल परिजन शव को घर लेकर चले गए।



















