फर्रुखाबाद : जमीन बंटवारे के विवाद में बुजुर्ग महिला को सरेआम मारी गोली, हालत गंभीर – आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

शनिवार की देर शाम जनपद फर्रुखाबाद के कम्पिल थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद के चलते एक बुजुर्ग महिला को गोली मार दी गई। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने महिला को प्राथमिक इलाज के बाद गम्भीर हालत में लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।

कायमगंज
कायमगंज

क्या है पूरा मामला

बता दें कि क्षेत्र के गांव आजमनगर निवासी कश्मीर सिंह की 65 वर्षीय पत्नी अनीता देवी का पिछले कुछ दिनों से जमीन बंटवारे को लेकर परिवार के ही लोगों से विवाद चल रहा था। देर रात को विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान गोली अनीता देवी की पीठ पर लग गई।

कायमगंज
कायमगंज

परिजनों ने अस्पताल में कराया भर्ती, हालत गंभीर

गंभीर रूप से घायल महिला अनीता देवी को परिजनों ने आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विपिन ने महिला को प्राथमिक इलाज के बाद हालात को गंभीर देखते हुए लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज जारी है।

चाचा ने मारी मां को गोली – बेटा

घायल महिला अनीता देवी के पुत्र करन ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले तीन दिनों से पारिवारिक चाचा से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी लेकिन कुछ कार्रवाई नहीं हुई। देर शाम चाचा जमीन को लेकर फिर से गाली गलौज करने लगे और जब मां ने इसका विरोध किया तो चाचा मारपीट पर आमादा हो गए और देखते देखते विवाद इतना बढ़ गया की चाचा ने तमंचे से मां को गोली मार दी।

पुलिस ने दी जानकारी

कम्पिल थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि फायरिंग की सूचना पर गांव में पहुंचकर जांच पड़ताल की गई थी। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें