फर्रुखाबाद : कायमगंज विधानसभा में सपा ने चलाया मतदाता जागरूकता एवं सदस्यता अभियान, बोले नेता- ‘2027 में चलेगी बदलाव की बयार’

यूपी विधानसभा चुनाव में भले ही अभी एक साल का वक्त बचा हो, लेकिन समाजवादी पार्टी ने अभी से जमीन पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वोटर लिस्ट से लेकर बूथ संगठन को मजबूत करने के लिए सपा लगातार जन-जागरण अभियान चला रही है। इसी कड़ी में फर्रुखाबाद के कायमगंज विधानसभा के गांव बिल्सड़ी में सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में एक विशाल मतदाता जागरूकता और सदस्यता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर सपाई गदगद नजर आए।

कायमगंज
कायमगंज

थाने-तहसील बन चुके हैं वसूली के अड्डे : चंद्रपाल सिंह यादव

भीड़ का जोश देखकर उत्साहित हुए जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सूबे में इस वक्त ‘ठोकतंत्र’ और भ्रष्टाचार का राज चल रहा है। आम जनता की सुनने वाला कोई नहीं है। थाने और तहसील सिर्फ धन उगाही (वसूली) के अड्डे बनकर रह गए हैं। लेखपालों और सचिवों ने गांवों में अपने एजेंट पाल रखे हैं, जिनके जरिए गरीब जनता को लूटा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता इस लूटतंत्र से तंग आ चुकी है और 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ सपा की सरकार बनाएगी।

शंकराचार्य का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी जनता : मनोज मिश्रा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव मनोज मिश्रा ने सरकार को जातिवाद के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि सोनभद्र से लेकर गाजियाबाद तक ब्राह्मण समाज के युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है। कन्नौज में शंकराचार्य जी के साथ जो बर्ताव हुआ, वह पूरी सनातन परंपरा का अपमान है। कथित हिंदुत्व के ठेकेदारों का असली चेहरा अब बेनकाब हो चुका है। वेदों में शंकराचार्य को भगवान का दर्जा है, लेकिन कोर्ट में उन पर लगे सभी आरोप झूठे साबित हुए। जनता अब इन्हें सत्ता से बेदखल कर इतिहास के कूड़ेदान में फेंक देगी।

कायमगंज
कायमगंज

सपा की साइकिल पर सवार हुए दर्जनों दिग्गज, संगठन का हुआ विस्तार

सपा जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों में भरोसा जताते हुए विमल चतुर्वेदी, अजय दीक्षित, अशोक पांडेय, बिलाल और राजेंद्र श्रीवास्तव समेत दर्जनों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर विमल चतुर्वेदी को सैनिक प्रकोष्ठ का जिला उपाध्यक्ष भी मनोनीत किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य कृष्ण पाल सिंह यादव, अरविंद यादव, केके यादव और रिंकू फौजी समेत कई दिग्गज नेता और फौजी भाई मौजूद रहे।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें