फर्रुखाबाद : संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप – पुलिस जांच में जुटी

जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव प्रीतम नगला में 25 साल की एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही ललिता के मायके पक्ष में कोहराम मच गया। आनन-फानन में पहुंचे लड़की के भाई संजीव ने ससुराल वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। संजीव का साफ कहना है कि उसकी बहन की गला दबाकर बेरहमी से हत्या की गई है। संजीव के अनुसार, ललिता की शादी 22 अप्रैल 2024 को राहुल के साथ हुई थी और उनका 11 महीने का एक मासूम बेटा भी है। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर ललिता को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।

कंपिल
मृतक ललिता का फाइल फोटो

मृतका के भाई ने लगाया हत्या का आरोप

शुक्रवार की शाम जब भाई संजीव को बहन की मौत की खबर मिली, तो वह भागते हुए मौके पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। ललिता का शव जमीन पर नीचे रखा हुआ था और ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे। संजीव ने बताया कि घटनास्थल पर चूड़ियां टूटी हुई बिखरी पड़ी थीं, जिससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि मौत से पहले वहां जरूर कोई खींचतान या मारपीट हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि इसी वजह से गला दबाकर ललिता को मौत के घाट उतारा गया और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है।

ससुराल पक्ष : ‘फोन पर हंसकर बात करने’ की बताई कहानी

दूसरी तरफ, ससुराल पक्ष से चचिया ससुर दुर्वेश ने बताया कि पूरा मामला हत्या का नहीं बल्कि खुदकुशी का है। दुर्वेश ने बताया कि ललिता अपने मोबाइल पर अपनी बहन से हंस-हंसकर बात कर रही थी। इसी बात पर उसकी सासू मां ने उसे टोक दिया और कहा कि अपनी बहन से ठीक से बात किया करो। बस इतनी सी बात पर नाराज होकर ललिता कमरे के अंदर चली गई और कुंडी लगाकर फंदे से झूल गई। बाद में जब बच्चियों ने नाती को नहलाकर ललिता को कपड़े बदलने के लिए आवाज दी, तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। खिड़की से झांकने पर पता चला कि वह फंदे पर लटकी हुई थी।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा 

कंपिल थाना अध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि पुलिस को मायके पक्ष की तरफ से तहरीर मिल गई है और इस संबंध में उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें