शनिवार की सुबह जनपद बुलंदशहर की खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित अंतरराष्ट्रीय राजमार्ग (NH-34) पर दो रोडवेज बसों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में फर्रुखाबाद निवासी 18 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, एक महिला सहित पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। युवक की मौत को सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

क्रॉसिंग के दौरान हुआ जोरदार एक्सीडेंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा खुर्जा के अगवाल कट के पास हुआ। अलीगढ़ की तरफ से बुलंदशहर की ओर जा रही कन्नौज डिपो की रोडवेज बस और खुर्जा से बुलंदशहर जा रही खुर्जा डिपो की बस में क्रॉसिंग के दौरान आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। वहां मौजूद लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बसों के परखच्चे उड़ गए। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि पीछे से आ रही कौशाम्बी डिपो की एक अन्य तेज रफ्तार बस ने भी इन बसों को टक्कर मार दी थी, जिससे हादसा और बड़ा हो गया।

फर्रुखाबाद के ‘अवशेष’ ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
इस हादसे में खुर्जा डिपो की बस में सफर कर रहे जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव बबुरिया निवासी राकेश के 18 वर्षीय पुत्र अवशेष की अस्पताल में इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा एक्सीडेंट में घायल अंकित (उन्नाव), अमरेश (उन्नाव), कपिल (उन्नाव) और माया (हरदोई) को तुरंत एम्बुलेंस से खुर्जा के एसएसएमजे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

हाईवे पर लगा जाम, एक ड्राइवर हिरासत में तो दूसरा फरार
हादसे के बाद NH-34 पर दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (ARM) और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क किनारे हटाकर हाईवे का यातायात दोबारा सुचारु कराया। पुलिस ने कौशाम्बी डिपो की बस के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है, जबकि खुर्जा डिपो का ड्राइवर मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक अवशेष के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।



















