फर्रुखाबाद : 25 साल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, 3 दिन से कर रहा था अजीब हरकतें

जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बजरिया निवासी 25 वर्षीय युवक अभिषेक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार देर शाम जब युवक की तबीयत अचानक बिगड़ी, तो परिजन उसे आनन-फानन में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी।

अचानक बेहोश हुआ युवक, परिजनों ने बयां किया दर्द

मोर्चरी के बाहर मौजूद मृतक अभिषेक के रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि रविवार की शाम को सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक अभिषेक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि अभिषेक अभी अविवाहित था और कोई कामकाज नहीं करता था। इस अचानक हुई मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

3 दिन से था परेशान, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

इस मामले में एक बेहद अजीब बात भी सामने आई है। परिजनों ने बताया कि अभिषेक पिछले तीन दिनों से काफी परेशान चल रहा था और बहकी-बहकी व अजीबोगरीब बातें कर रहा था। रविवार को अचानक उसकी हालत बहुत ज्यादा गंभीर हो गई, जिसके बाद उसे बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही मऊदरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत की असली वजह का पता चल सके।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें