जनपद फर्रुखाबाद में पुलिस ने एक ऐसी शातिर महिला को गिरफ्तार किया है, जो मासूम लोगों पर दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाकर उनसे मोटी रकम वसूलती थी। जहानगंज पुलिस ने शुक्रवार को इस कार्रवाई को अंजाम देते हुए महिला को जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि यह महिला कुछ प्रभावशाली लोगों के इशारे पर काम करती थी और अमीर व रसूखदार लोगों को अपना निशाना बनाकर उन्हें कानूनी पचड़ों में फंसाने की धमकी देती थी।
SIT जांच में हुआ बड़ा खुलासा : कोर्ट में बयानों ने खोल दी पोल
इस पूरे मामले का पर्दाफाश तब हुआ जब पुलिस ने एसआईटी टीम गठित कर आरोपों की गहराई से जांच की। महिला की आदत थी कि वह पहले मुकदमा दर्ज कराती और फिर निजी लाभ (पैसे) के लिए समझौता कर लेती थी। हालिया मामले में जब महिला ने कोर्ट और पुलिस के सामने अलग-अलग बयान दिए, तो पुलिस को शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने अजय चौहान और अन्य के खिलाफ जो आरोप लगाए थे, वे पूरी तरह झूठे और मनगढ़ंत थे।

जहानगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई : शातिर आरोपी अब सलाखों के पीछे
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार और सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा की मौजूदगी में पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। बंधौआ निवासी अजय चौहान की तहरीर पर पुलिस ने महिला, अवधेश और तीन अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस वसूली के खेल में और कितने लोग शामिल हैं। फिलहाल, मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



















