शुक्रवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित नवीन मंडी समिति में डिप्टी आरएमओ रोली सिंह और क्षेत्रीय विपणन अधिकारी पुरुषोत्तम दास ने औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों की टीम ने मंडी में चल रही सरकारी गेहूं खरीद की हकीकत देखी और गेहूं के रख-रखाव का बारीकी से मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने मार्केटिंग इंस्पेक्टर को मंडी व्यवस्था सुधारने और गेहूं की आवक बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए।

लापरवाही पर पहले ही मिल चुकी है सजा, डीएम ने दी थी प्रतिकूल प्रविष्टि
आपको बता दें कि पिछले दिनों हुई अचानक बारिश की वजह से मंडी में रखा सरकारी गेहूं भीग गया था। इस बड़ी लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने नाराजगी जताते हुए मार्केटिंग इंस्पेक्टर को सख्त चेतावनी दी थी। इसी मामले को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी आरएमओ का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। अधिकारियों ने साफ कहा कि गेहूं के रख-रखाव में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खाली पड़ी दुकानों के टिन शेड में रखा जाएगा सरकारी गेहूं : डिप्टी आरएमओ का आदेश
निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव शैलेंद्र कुमार वर्मा, सीनियर मार्केटिंग गल्ला इंस्पेक्टर जितेंद्र जी और व्यापार मंडल के नेता मौजूद रहे। डिप्टी आरएमओ रोली सिंह ने पूरी टीम के साथ मंडी के टिन शेडों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि जो दुकानें फिलहाल खाली पड़ी हैं, उनके टिन शेड का इस्तेमाल सरकारी गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए किया जाए, ताकि भविष्य में बारिश से नुकसान न हो।

व्यापारियों ने कहा – भीगा गेहूं सुखाकर बोरों में भरा, ट्रकों से हो रही है सप्लाई
इस मौके पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री व जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री, जिला मंत्री नीरज राठौर और जिला संगठन मंत्री पिंटू कौशल भी मौजूद थे। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने डिप्टी आरएमओ को अपनी डायरी भेंट की। जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने अधिकारियों को बताया कि अचानक हुई बारिश से थोड़ा-बहुत गेहूं जरूर भीगा था, लेकिन उसे तुरंत सुखाकर बोरों में भरवा दिया गया है। अब ट्रकों के जरिए इस गेहूं की सप्लाई सीधे सरकारी केंद्रों तक सुरक्षित तरीके से की जा रही है। सारे इंतजाम देखने के बाद डिप्टी आरएमओ आवश्यक दिशा-निर्देश देकर रवाना हो गईं।



















