फर्रुखाबाद में टैक्स बार एसोसिएशन के चुनावी रण का आगाज हो चुका है। नामांकन के आखिरी दिन तक सात अलग-अलग पदों के लिए कुल 15 प्रत्याशियों ने अपने पर्चे दाखिल किए हैं। फिलहाल चुनाव अधिकारी नामांकन पत्रों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। शहर के वकीलों और टैक्स जानकारों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इस बार भी सर्वसम्मति से निर्विरोध चुनाव संपन्न होगा या फिर वोटिंग की नौबत आएगी।
अध्यक्ष और सचिव पद पर कड़ा मुकाबला
उप चुनाव अधिकारी राकेश सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि सबसे ज्यादा हलचल अध्यक्ष और सचिव पद को लेकर है। अध्यक्ष पद के लिए रामकुमार अग्रवाल, प्रवीण कुमार माथुर और सुतीक्ष्ण कुमार तिवारी ने अपनी दावेदारी पेश की है। वहीं सचिव पद के लिए दलपत सिंह, अविनाश दुबे और राजगुरु पांडेय सहित चार लोग रेस में हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए भी तीन दावेदारों प्रमोद त्रिपाठी, कमलेंद्र कुमार, राज गौरव पांडेय ने ताल ठोंकी है।
इन पदों पर जीत लगभग तय
जहां कुछ पदों पर घमासान है, वहीं महामंत्री और कोषाध्यक्ष जैसे पदों पर स्थिति लगभग साफ नजर आ रही है। महामंत्री पद के लिए रामजी वाजपेई और एडिटर पद के लिए आशीष गुप्ता एकमात्र प्रत्याशी हैं। कोषाध्यक्ष पद पर सुनीता कटियार ने नामांकन किया है। वहीं पुस्तकालय अध्यक्ष के लिए दीपांशु मिश्रा और सहाबुल इस्लाम सिद्दीकी के बीच मुकाबला होने की उम्मीद है। चुनाव अधिकारियों का कहना है कि अगर सभी पदों पर आपसी सहमति बन गई तो चुनाव निर्विरोध घोषित कर दिया जाएगा।

फर्रुखाबाद : टैक्स बार एसोसिएशन चुनाव, जानें कौन मार रहा है बाजी


















