फर्रुखाबाद : कायमगंज में बेटे की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे पिता का सड़क हादसे में मौत – परिवार में मचा कोहराम

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर में निवासी मोहन सिंह के इकलौते बेटे पीयूष की 25 मई को शादी होनी थी। घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था और शहनाइयां बजने की तैयारी थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। बुधवार को मोहन की सड़क हादसे में मौत हो गई। जिस घर से बारात निकलनी थी, वहां से अर्थी उठने की खबर ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।

कार्ड बांटकर लौटते समय हुआ भीषण हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहन सिंह अपने चचेरे भाई रक्षपाल के साथ बाइक पर सवार होकर जनपद कासगंज के पटियाली थाना क्षेत्र के गांव पुरसारी में रिश्तेदारी में शादी के कार्ड देने गए थे। देर शाम वापस लौटते समय बदायूं हाईवे पर गांव किशोरी नगर के पास अचानक एक गाय बाइक के सामने आ गई। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खंती में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मोहन सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चचेरे भाई रक्षपाल की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मृतक मोहन सिंह अपने पीछे एक बेटा और तीन बेटियों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं। इस हादसे ने न केवल एक परिवार की खुशियां छीनी हैं, बल्कि पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें