फर्रुखाबाद : कायमगंज में खाद्य विभाग की मनमानी पर व्यापारियों का हल्ला बोल! CM योगी को भेजा 12 सूत्रीय मांग पत्र – जानें क्या हैं प्रमुख मांगें

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (उत्तर प्रदेश) की स्थानीय इकाई ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम में बड़े व्यावहारिक सुधार की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक 12 सूत्रीय ज्ञापन उप जिलाधिकारी (SDM) को सौंपा है। व्यापारियों ने खाद्य विभाग की वर्तमान कार्यप्रणाली पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसमें तत्काल बदलाव की मांग उठाई है।

व्यापारियों की बड़ी मांग : ‘सेंपल भरते समय निर्माता को भी बनाओ पक्षकार’

व्यापारियों का कहना है कि जब भी किसी खाद्य पदार्थ का सैंपल भरा जाए, तो केवल दुकानदार को ही निशाना न बनाया जाए। उनकी मांग है कि इस प्रक्रिया में उत्पाद बनाने वाले यानी निर्माता को भी अनिवार्य रूप से पक्षकार बनाया जाए। व्यापारियों ने मांग की कि सैंपल लेते समय फॉर्म-5 की एक प्रति निर्माता को पंजीकृत डाक के जरिए तुरंत भेजी जाए। उनका तर्क है कि यदि रिटेलर या होलसेलर के पास वैध बिल मौजूद है, तो पूरी जवाबदेही मैन्युफैक्चरर की तय होनी चाहिए।

लेबोरेटरी की लेटलतीफी पर नाराजगी : ’14 दिन में चाहिए जांच रिपोर्ट’

ज्ञापन में व्यापारियों ने इस बात पर गहरा गुस्सा जाहिर किया कि खाद्य सामग्री की जांच रिपोर्ट आने में अक्सर कई महीने लग जाते हैं। इस देरी के कारण कई बार संबंधित उत्पाद की ‘एक्सपायरी डेट’ ही निकल जाती है, जिससे दोबारा जांच का कोई मतलब नहीं रह जाता। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि राजकीय प्रयोगशालाओं को निर्देश दिए जाएं कि वे हर हाल में 14 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट जारी करें, ताकि निष्पक्ष कार्रवाई हो सके।

छोटे विवादों के लिए ‘समझौता नीति’ और नए अधिकारियों की नियुक्ति

व्यापारियों ने कानून की धारा 69 के तहत छोटे-मोटे विवादों के निपटारे के लिए शमन यानी समझौता व्यवस्था लागू करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने पूर्णकालिक न्याय निर्णयन अधिकारियों की नियुक्ति की मांग भी उठाई, ताकि लंबित पड़े मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण हो सके और व्यापारियों को बेवजह अदालतों के चक्कर न लगाने पड़ें।

प्राइवेट लैब रिपोर्ट पर कार्रवाई का विरोध और व्यापारिक एकता

व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि प्राइवेट लैब की रिपोर्ट के आधार पर की जाने वाली किसी भी विभागीय कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए। इस ज्ञापन प्रदर्शन के दौरान नगर अध्यक्ष अमित सेठ, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कौशल, पवन गुप्ता, संजीव अग्रवाल और जिला उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल समेत कई प्रमुख व्यापारी नेता मौजूद रहे।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें