फर्रुखाबाद : बारातियों से विवाद के बाद घर में लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप – गांव बना छावनी

जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव कन्हऊ पटिया में एक शादी समारोह के दौरान हुए मामूली विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय सुरजीत के रूप में हुई है, जिसका शव बुधवार को उसके अपने ही घर में फंदे से लटका हुआ पाया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मोहम्मदाबाद
मृतक सुरजीत का फाइल फोटो

पिकअप निकालने को लेकर शुरू हुआ था झगड़ा

घटना की शुरुआत बुधवार दोपहर को हुई जब गांव के ही दिनेश की पुत्री की बारात विदा हो रही थी। बारात मैनपुरी के बिछवां से आई थी। विदाई के समय दहेज का सामान लेकर जा रही पिकअप को रास्ते से निकालने को लेकर सुरजीत की बारातियों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बारातियों ने सुरजीत की जमकर पिटाई कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस विवाद में गांव के कुछ अन्य लोग (जनाती) भी शामिल हो गए और उन्होंने भी सुरजीत को पीटकर उसके घर में बंद कर दिया और बाहर से कुंडी लगा दी।

मोहम्मदाबाद
मोहम्मदाबाद

मां और पत्नी का गंभीर आरोप : ‘पीट-पीटकर मार डाला’

सुरजीत की मां रानी और पत्नी नारायण देवी ने पुलिस को बताया कि जब वे सुरजीत को बचाने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। डर के मारे मां और बहू घर छोड़कर भाग गईं और कहीं छिप गईं। परिजनों का सीधा आरोप है कि आरोपियों ने सुरजीत की हत्या करने के बाद उसे फंदे पर लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे। सुरजीत तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और घर का मुख्य सहारा था।

मोहम्मदाबाद
मोहम्मदाबाद

गांव बना छावनी, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने घर का दरवाजा खोला, तो सुरजीत का शव छत के कुंडे से अंगोछे के फंदे पर लटका मिला। तनाव को देखते हुए पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें