जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में दहेज के लालच ने एक बेटी के अरमानों पर पानी फेर दिया। बताया जा रहा है कि एटा जनपद के जैथरा क्षेत्र के एक युवक के साथ शादी तय हुई थी। बीते 13 अप्रैल को तिलक की रस्म बड़े ही धूमधाम से पूरी की गई थी, जिसमें पीड़ित पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार बाइक, नकदी, सोने की अंगूठी और अन्य सामान भेंट किया था।
शादी की दहलीज पर आकर मांगी 3 लाख की ‘रिश्वत’
सब कुछ ठीक चल रहा था और 13 मई को बारात आनी थी। घर में खुशियों का माहौल था और तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। लेकिन शादी से महज दो दिन पहले यानी 11 मई को दूल्हे के बड़े भाई और भाभी ने फोन कर खुशियों में जहर घोल दिया। उन्होंने साफ कह दिया कि यदि 3 लाख रुपए और नहीं मिले तो बारात नहीं आएगी। पिता ने अपनी आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए काफी मिन्नतें कीं, लेकिन लालची पक्ष अपनी जिद पर अड़ा रहा।
पुलिस की चौखट पर पहुंचा न्याय का गुहार
अपनी लाडली के भविष्य को अंधकार में डूबता देख बुजुर्ग पिता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। पीड़ित का कहना है कि बेटी और पूरा परिवार इस घटना के बाद से सदमे में है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है और मंगलवार को दूल्हे पक्ष को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।



















