बुधवार की दोपहर जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। कायमगंज अलीगंज रोड स्थित गांव विराहिमपुर के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे को देख आसपास राहगीरों व ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। वहां मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया। इधर हादसे के बाद वाहन चालक मौके का फायदा उठा कर वाहन लेकर फरार हो गया।

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घायल युवक को जब अस्पताल ले जाया गया, तो वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर जितेंद्र बहादुर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव पैथान छोटी निवासी आत्माराम के 20 वर्षीय पुत्र रौनक के रूप में हुई है। युवक की मौत की मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है

दिल्ली से डेढ़ महीने पहले लौटा था रौनक
मृतक के भाई रवि ने जानकारी देते हुए बताया कि रौनक दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वह करीब डेढ़ महीने पहले ही घर वापस लौटा था। पांच भाई-बहनों में रौनक तीसरे नंबर का था। वहीं उन्होंने बताया कि वह लोग तंबाकू की फसल की पलट कर रहे थे, तभी रौनक थोड़ी देर में आने की बात कहकर घर से निकला था। उन्हें यह नहीं पता कि वह विराहिमपुर कैसे पहुंच गया।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही हल्का इंचार्ज ज्ञान प्रकाश पांडे पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लिखित तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

















