सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव हईपुर निवासी हरिदास का पुत्र रिंकू दोपहर लगभग 2:30 बजे अपने 12 साल के बेटे शिवदीप के साथ बाइक से खेत से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव वेग के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तभी फर्रुखाबाद की ओर से आ रही एक बेकाबू तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

कार में फंसकर दूर तक घिसटता गया शव
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही रिंकू गंभीर रूप से घायल होके सड़क पर गिर पड़ा और कार के निचले हिस्से में फंस गए। चश्मदीदों के मुताबिक, ड्राइवर ने कार रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी, जिससे रिंकू काफी दूर तक सड़क पर घिसटता चला गया। अनियंत्रित कार पेट्रोल पंप की दीवार तोड़ते हुए पास के खेत में जा घुसी। इस भीषण सड़क हादसे में रिंकू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा शिवदीप हादसे में बाल- बाल बच गया।

गुस्साए ग्रामीणों का प्रदर्शन, लगा किलोमीटर लंबा जाम
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाकर कार चालक को दबोच लिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर नवाबगंज-फर्रुखाबाद मार्ग जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई और करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।

प्रशासन के आश्वासन पर शांत हुआ बवाल
तनाव बढ़ता देख एसडीएम सदर रजनीकांत और सीओ अजय वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी मदद व आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन जाम खोलने को राजी हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

घर का इकलौता सहारा छिना, आरोपी चालक हिरासत में
मृतक रिंकू अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे, जो खेती-किसानी से अपने बूढ़े पिता, पत्नी और बच्चों का पेट पाल रहे थे। उनकी मौत से घर में कोहराम मच गया है। पुलिस ने एटा जिले के अलीगंज निवासी कार चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


















