फर्रुखाबाद : कायमगंज में 50 लाख का GST घोटाला, दूसरे के नाम पर चल रही थी ‘फर्जी फर्म’ – 6 पर FIR दर्ज

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में जालसाजी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया है। यहां एक बेगुनाह व्यक्ति के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर ‘अमन ट्रेडिंग कम्पनी’ नाम की फर्जी फर्म चलाई जा रही थी। इस फर्जीवाड़े के जरिए सरकार को करीब 50 लाख रुपए के टैक्स का चूना लगाया गया है। मामला तब खुला जब पीड़ित ताहिर सिंह को अचानक सेंट्रल GST ऑफिस से बुलावा आया।

साजिश के पीछे ‘अमन खान’ और उसकी मंडली

कोतवाली क्षेत्र के गांव करनपुर निवासी पीड़ित ताहिर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव रायपुर खास के रहने वाले अमन खान ने अरवाज, फैजल, जुबैर, सुखवीर और आशीष के साथ मिलकर यह पूरी आपराधिक साजिश रची। इन लोगों ने ताहिर के घर का फर्जी किरायानामा (Rent Agreement) बनाया और उनके फर्जी हस्ताक्षर कर फर्म रजिस्टर्ड करा ली। जब ताहिर ने आरोपियों से इस बारे में बात की, तो उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।

तंबाकू कारोबार में करोड़ों के काले खेल की आशंका

आरोप है कि यह गिरोह फर्जी फर्मों के जरिए तंबाकू व्यापारियों को अवैध फायदा पहुंचा रहा था। बिना सही कागजों के माल का परिवहन करना और फर्जी बिलिंग के जरिए GST चोरी करना इनका मुख्य पेशा बन गया था। आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे खेल में करोड़ों रुपए का लेनदेन हुआ है। क्षेत्राधिकारी (CO) राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें गहनता से जांच कर रही हैं।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें