फर्रुखाबाद : पति से विवाद के महिला ने फंदा लगा दी जान, पति मौके से फरार – पुलिस जांच में जुटी

जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव महरूरपुर राबी में पति से विवाद के बाद फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान कार्तिकेय उर्फ भूरा की 24 वर्षीय पत्नी शिल्पी के रूप में हुई। घटना के समय घर के अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर यह आत्मघाती कदम उठाया गया।

विवाद के बाद बिगड़े हालात, पति हुआ रफूचक्कर

परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले तीन दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। बुधवार की शाम यह विवाद इतना बढ़ गया कि शिल्पी ने कमरे में जाकर दुपट्टे का फंदा बना लिया। जैसे ही ग्रामीणों को इसकी भनक लगी और यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी पति भूरा डर के मारे मौके से फरार हो गया।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शिल्पी को फंदे से नीचे उतारा और आनन-फानन में कमालगंज सीएचसी (CHC) ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. विकास पटेल ने परीक्षण के बाद शिल्पी को मृत घोषित कर दिया। शिल्पी की शादी महज दो साल पहले हुई थी और उसका एक साल का छोटा बेटा ऋषभ है, जिसके सिर से अब मां का साया उठ गया है।

पुलिस की कार्रवाई और मायके पक्ष में कोहराम

शिल्पी मूल रूप से औरैया जिले के अछल्दा क्षेत्र की रहने वाली थी। उसकी मौत की खबर सुनते ही मायके वालों में चीख-पुकार मच गई। इंस्पेक्टर अवध नारायण पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार पति की तलाश जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें