शुक्रवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बता दें कि महिला का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
घर के कमरे में मिला शव
घटना मोहल्ला गढ़ी जान अली, भीकमपुरा की है। परिजनों ने जब महिला को फंदे से लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए।

28 वर्षीय सोनम के रूप में हुई पहचान
मृतका की पहचान 28 वर्षीय सोनम पत्नी अनिल के रूप में हुई है। सोनम की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। उसके दो बच्चे हैं—एक पांच साल की बेटी मानत और तीन माह का एक बेटा।
बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद उठाया कदम
परिजनों के मुताबिक सोनम सुबह अपनी बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौटी थी। इसके बाद किसी समय उसने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अजब सिंह, बीबीगंज चौकी इंचार्ज नितिन कुमार, पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


















