12 जनवरी को जनपद फर्रुखाबाद मोहम्मदाबाद क्षेत्र में चार्जर चोरी के शक ने एक युवक की जान ले ली। आरोप है कि चाचा-भतीजे ने मिलकर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को मंदिर के पीछे मैदान में फेंक दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस हिरासत में आते ही उगला सच
पुलिस ने शक के आधार पर गांव निवासी राजेश बाथम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से सवाल-जवाब होने पर आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए पत्थर और डंडे भी बरामद कर लिए हैं।
पिता की तहरीर पर दर्ज हुई FIR
मृतक राजेश कठेरिया के पिता प्रेमचंद्र की तहरीर पर पुलिस ने राजेश बाथम और उसके भतीजे अजीत बाथम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों को नामजद किया गया है।
फरार आरोपी की तलाश में दबिश
हत्या के बाद से आरोपी भतीजा अजीत बाथम फरार चल रहा है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मंदिर के पीछे पड़ा मिला था शव
गांव गैसिंगपुर निवासी राजेश कठेरिया की रविवार रात हत्या कर शव खादू श्याम मंदिर के पीछे मैदान में फेंक दिया गया था। सोमवार सुबह शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
सोशल मीडिया से हुई शव की पहचान
सोशल मीडिया पर शव की फोटो वायरल होने के बाद गैसिंगपुर के चौकीदार देशराज ने शव की पहचान राजेश कठेरिया के रूप में की। इसके बाद पुलिस जांच में तेजी आई और पूरा मामला खुल गया।
पिकअप में डालकर ले जाकर की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि ई-रिक्शा का चार्जर चोरी करने के शक में आरोपी युवक को जबरन अपनी पिकअप में डालकर ले गए थे। इसके बाद मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और शव को सुनसान जगह फेंक दिया।
पुलिस का बयान
सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
फर्रुखाबाद में इटावा–बरेली हाईवे पर युवक की लाश मिलने से हड़कंप, सिर पर चोट के निशान


















