फर्रुखाबाद में मंदिर से लाउडस्पीकर हटाने पर बवाल, हिंदू संगठनों का फूटा गुस्सा, SP को सौंपा ज्ञापन

जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज क्षेत्र के सलेमपुर वार्ड में माता गवा देवी मंदिर से पुलिस द्वारा लाउडस्पीकर हटाए जाने के बाद विवाद गहरा गया है। इस कार्रवाई को लेकर हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि बिना किसी सूचना के की गई यह कार्रवाई धार्मिक आस्था पर सीधा प्रहार है।

हिंदू संगठनों ने जताया विरोध

मामले को लेकर हिंदू जागरण मंच और हिंदू रक्षा सेवा समिति के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक निशांत गुप्ता के नेतृत्व में संगठनों ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

वर्षों से हो रही थी नियमित आरती

संगठन के कार्यकर्ताओं ने जानकारी देते हुए बताया कि माता गवा देवी मंदिर में वर्षों से सुबह और शाम नियमित रूप से आरती होती रही है। आरती की आवाज श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए मंदिर के शिखर पर लाउडस्पीकर लगाया गया था। 24 दिसंबर 2025 को पुलिस ने अचानक लाउडस्पीकर हटा दिया, जिससे भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

अनुमति के बावजूद उठाया गया कदम

कार्यकर्ताओं को कहना है कि वर्ष 2018 में उपजिलाधिकारी कायमगंज से विधिवत अनुमति लेकर लाउडस्पीकर लगाया गया था। बीते करीब सात वर्षों में किसी भी तरह की शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

ज्ञापन के दौरान जिला सह संयोजिका मोनिका राजेश, सह संयोजक धर्मेंद्र पाल, अधिवक्ता अनुज कुमार, सुरेश कौशल, सभासद ललित श्रीवास्तव, सभासद आकाश ठाकुर, भानु सिंह, रघुनंदन सिंह, गोविंद कुमार, धर्मपाल सिंह और प्रमोद राघव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पुनः लाउडस्पीकर लगाने की मांग

हिंदू संगठनों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मंदिर में सम्मानपूर्वक दोबारा लाउडस्पीकर लगाया जाए। साथ ही इस मामले में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें