फर्रुखाबाद जनपद के कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के ग्राम ललई में नशे में गाली-गलौज का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। नशे की हालत में एक युवक द्वारा गली में हंगामा किए जाने से विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया।
विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला
पीड़ित सतीश चंद्र पुत्र द्वारिका प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे जयवीर पुत्र रिशीराम नशे की हालत में गली से गुजर रहा था। चारपाई से टकराकर गिरने के बाद वह उनके घर के सामने आकर गाली-गलौज करने लगा। जब इसका विरोध किया गया तो जयवीर ने अपने साथियों वेदपाल और रिशीराम के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
सिर में आई गंभीर चोटें
हमले में सतीश चंद्र और उनके ताऊ गिरीश चंद्र के सिर में गंभीर चोटें आईं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़ितों का आरोप है कि दबंग हमलावर जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
























