जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के मुडगांव गांव में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। 29 वर्षीय महिला राधा देवी ने अपने ही घर के आंगन में नीम के पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह का सन्नाटा तब टूटा जब डेढ़ साल की बच्ची के रोने की आवाज ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।

बच्ची के रोने से खुली सच्चाई
रात करीब तीन बजे बच्ची बिट्टू के रोने पर पति अजय बाथम की नींद खुली। चारपाई पर पत्नी नहीं दिखी तो वह बाहर निकले, जहां आंगन में नीम के पेड़ से राधा का शव लटका मिला। यह दृश्य देख घर में कोहराम मच गया।

पुलिस को दी गई सूचना, मौके पर पहुंची टीम
घटना की जानकारी मिलते ही अजय बाथम ने कोतवाली प्रभारी को सूचना दी। सूचना पर अपराध निरीक्षक यतेंद्र सिंह सोलंकी और उप निरीक्षक अनुज कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

तीन बच्चों की मां थी राधा
मृतका राधा देवी की शादी करीब 11 साल पहले हरदोई जिले के नूनार गांव में हुई थी। राधा के तीन बच्चे हैं—7 साल की अनन्या, 4 साल का आदित्य और डेढ़ साल की बिट्टू। पति अजय बाथम मजदूरी और खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
परिजनों के इंतजार में रुकी कार्रवाई
राधा के बड़े भाई के आने का इंतजार किया जा रहा था, इसी कारण शव उठाने और कानूनी प्रक्रिया में कुछ देरी हुई। बाद में पुलिस के समझाने पर पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई पूरी की गई।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
पंचनामा के बाद उप निरीक्षक अजय कुमार ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असर स्थिति साफ होगी।


















