कायमगंज में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब इटावा और फर्रुखाबाद की संयुक्त GST टीम ने कायमगंज–कम्पिल मार्ग पर स्थित एक ही परिसर में चल रही जनता टोबैको कंपनी और अंशुल रस्तोगी टोबैको कंपनी पर एक साथ छापेमारी की। बिना पूर्व सूचना हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हलचल तेज हो गई।
व्यापारी डरकर बंद कर गए गोदाम
जैसे ही GST छापेमारी की खबर फैली, आसपास के कई व्यापारी अपने-अपने गोदामों में ताले डालकर मौके से निकल गए। बाजार में चर्चा का माहौल बन गया और तंबाकू कारोबार से जुड़े लोगों में डर साफ नजर आया।

कागजात और स्टॉक की गहन जांच
संयुक्त GST टीम ने दोनों तंबाकू फर्मों में मौजूद रिकॉर्ड, बिल, रजिस्टर और स्टॉक का बारीकी से मिलान शुरू किया। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर के अनुसार माल की गिनती कर टैक्स संबंधी अनियमितताओं की जांच की। खबर लिखे जाने तक जांच की प्रक्रिया लगातार जारी थी।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई GST इटावा के डिप्टी कमिश्नर शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में असिस्टेंट कमिश्नर जितेंद्र कुमार, एसटीओ सुशील कुमार, वीरी सिंह, तरुण खारे और फर्रुखाबाद के सहायक आयुक्त अमित त्यागी शामिल रहे। सभी अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर जांच को मॉनिटर करते दिखे।


















