कायमगंज में ऑनलाइन उपस्थिति व अतिरिक्त कार्य के विरोध में ग्राम पंचायत सचिवों ने डीएससी, डोंगल किए जमा

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज ब्लॉक में ग्राम पंचायत सचिवों का विरोध प्रदर्शन लगातार 12वें दिन भी जारी रहा। सोमवार को सचिवों ने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली और अतिरिक्त विभागीय कार्यों के विरोध में बड़ा कदम उठाते हुए अपने डीएससी और इंटरनेट डोंगल विभाग के पास जमा कर दिए। इस कदम से प्रशासनिक स्तर पर हलचल मच गई है।

बीडीओ को सौंपे गए 13 डोंगल

प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर कायमगंज ब्लॉक के सचिवों ने खंड विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार को कुल 13 डोंगल सामूहिक रूप से जमा किए। सचिवों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा।

1 दिसंबर से चल रहा है सत्याग्रह

ग्राम पंचायत सचिवों का यह सत्याग्रह आंदोलन 1 दिसंबर 2025 से चल रहा है। सचिव प्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई ऑनलाइन हाजिरी सिस्टम को अव्यवहारिक बता रहे हैं। इसके साथ ही वे अपने मूल कार्यों के अलावा अन्य विभागों के कार्य सौंपे जाने का भी विरोध कर रहे हैं।

भुगतान रुका, विकास कार्यों पर संकट

डोंगल और डीएससी जमा होने के बाद अब ग्राम पंचायतों में ऑनलाइन भुगतान पूरी तरह ठप हो गया है। इसका सीधा असर पंचायतों के विकास कार्यों, मजदूरी भुगतान और सफाई व्यवस्था पर पड़ने की आशंका है। ग्रामीण इलाकों में इसका प्रभाव जल्द देखने को मिल सकता है।

काम जारी, लेकिन विरोध भी रहेगा

सचिवों ने साफ कहा है कि वे पंचायत स्तर पर अपने रोजमर्रा के कार्य करते रहेंगे, लेकिन जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक प्रदर्शन और विरोध जारी रहेगा। सचिवों का कहना है कि यह लड़ाई उनके सम्मान और कार्यभार संतुलन की है।

इस दौरान मौजूद रहे

इस मौके पर शशि देव सिंह, आनंद गंगवार, रणवीर सिंह, रेनू शाक्य, रंजीत सिंह, सुधीर कुमार, विवेक कुमार, विवेक बाबू मिश्रा, विजय शंकर, मोहम्मद आसिफ, रविंद्र सिंह, शुभम तिवारी और हृदेश पांडे सहित कई ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें