जनपद फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव महरूरपुर बीजल के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में भारतीय सेना के जवान समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
छुट्टी पर घर लौट रहे थे सेना के जवान
हादसे में जान गंवाने वाले 35 वर्षीय विनीत कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र के शिवसिंहपुर गांव के रहने वाले थे। वह भारतीय सेना में कार्यरत थे और वर्तमान में जम्मू में तैनात थे। छुट्टी पर घर आए विनीत अपनी पत्नी निशा और 7 वर्षीय बेटे रोहन के साथ फर्रुखाबाद के मसेनी रामनगर स्थित आवास लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विनीत की मौके पर ही मौत हो गई।

दूसरे युवक ने भी तोड़ा दम
दूसरी बाइक पर सवार युवक को डायल 112 पुलिस ने गंभीर हालत में डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कमालगंज थाना क्षेत्र के कतरौली पटरी निवासी अंकित पुत्र कुंवरपाल के रूप में हुई है। अंकित के पिता ने बताया कि उनका बेटा दरियागंज में अपनी बुआ के पास रहकर पढ़ाई और काम करता था।
पत्नी-बच्चा समेत चार घायल
हादसे में सेना के जवान की पत्नी निशा और बेटा रोहन घायल हुए हैं। इसके अलावा जहानगंज थाना क्षेत्र के तरा नगला निवासी 18 वर्षीय ओमवीर और 17 वर्षीय राजकुमार भी गंभीर रूप से जख्मी हैं। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल लोहिया में चल रहा है, जहां डॉक्टरों की टीम निगरानी में इलाज कर रही है।
मौत की सूचना पर परिवारों में कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


















