जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव घसिया चिलौली में 24 वर्षीय शिवमंगल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के पिता सतीश चंद्र कोरी ने पुलिस को मामले की सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी, एसएसआई सुरजीत सिंह और एसआई सुधा पाल ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए अहम सुराग
सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घर में मौजूद साक्ष्यों की बारीकी से जांच की और महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले ही मामला और पेचीदा हो गया।

परिवार ने शव लेने के बाद किया अंतिम संस्कार से इंकार
11 दिसंबर, गुरुवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शिवमंगल का पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचे, तो उन्होंने अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि शिवमंगल की मौत आत्महत्या नहीं बल्कि योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई है।

पत्नी और पड़ोसी पर हत्या का गंभीर आरोप
मृतक के पिता सतीश चंद्र शाक्य ने बताया कि शिवमंगल की शादी करीब एक साल पहले संजना से हुई थी। उनका दावा है कि पुत्रवधू संजना और गांव के ही अनुज जाटव ने मिलकर उनके बेटे की हत्या की। उन्होंने कोतवाली प्रभारी को तहरीर देकर तुरंत कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए लिया हिरासत में
मामला गंभीर देखते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी संजना, सास सीमा और पड़ोसी अनुज जाटव को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया है। फिलहाल पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है।

जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद हुआ अंतिम संस्कार
जनप्रतिनिधियों व पुलिस के लगातार समझाने के बाद परिवार 24 घंटे बाद अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ। परिजनों ने ढाई घाट पर शिवमंगल का अंतिम संस्कार किया। पूरे गांव में युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं और चर्चाएं जारी हैं।
कायमगंज में युवक की रहस्यमयी मौत, परिवार ने जताई हत्या की आशंका


















