फर्रुखाबाद पुलिस ने भारत माता मंदिर और रखा चर्च में हुई चोरियों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों को लेकर इलाके में दहशत बनी हुई थी। पुलिस की गिरफ्त में आए ये दोनों आरोपी लंबे समय से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

मंदिर और चर्च दोनों जगह एक ही गैंग ने मारा था हाथ
बीते 30 नवंबर की रात रखा चर्च का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए गए थे। इसके कुछ समय बाद ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास स्थित भारत माता मंदिर में भी ताले तोड़कर करीब 50 हजार रुपये की नकदी और सामान पार कर दिया गया। दोनों वारदातों के बाद पुलिस ने जांच तेज की और सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान की।

फतेहगढ़ कोतवाल व टीम ने दबोचे आरोपी
रविवार को कोतवाल फतेहगढ़ रणविजय सिंह और उनकी टीम ने पंकज कुशवाह पुत्र रामदयाल कुशवाह व उसके साथी बबलू शर्मा उर्फ बबलू जोशी पुत्र श्यामसुंदर, निवासी हाथी खाना फतेहगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
आरोपियों से तमंचा और नकदी बरामद
सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी पंकज के पास से 2,270 रुपये, 315 बोर का तमंचा और चोरी का सामान मिला है। वहीं बबलू के पास से 555 रुपये और 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया गया। पंकज के खिलाफ 10 मुकदमे, जबकि बबलू के खिलाफ 8 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।


















