Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और उर्वरकों की बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर के निर्देश पर जिलेभर में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की जांच कराई गई। इस दौरान कुल 42 खाद की दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच में तीन प्रतिष्ठानों पर कमियां मिलने के बाद संबंधित दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

42 खाद प्रतिष्ठानों की टीमों ने की जांच
मुख्य विकास अधिकारी के आदेश पर गठित टीमों में कृषि विभाग, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शामिल किया गया था। टीमों ने आवंटित क्षेत्रों में पहुंचकर खाद की दुकानों के स्टॉक, रेट बोर्ड और आवश्यक अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण के दौरान सेलमपुर स्थित मेसर्स पाण्डेय पोटाश पेस्टिसाइड्स के यहां रेट बोर्ड और स्टॉक बोर्ड अपडेट नहीं मिला। वहीं मेसर्स श्री बालाजी खाद भंडार के यहां अभिलेख अपूर्ण पाए गए।

तीन प्रतिष्ठानों को जारी हुआ नोटिस
इसके अलावा सेलमपुर स्थित मेसर्स कुशवाहा बीज भंडार का प्रतिष्ठान बंद मिला। इन कमियों के आधार पर तीनों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 के प्रावधानों के तहत नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है खाद
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार 17 नवंबर को जनपद में यूरिया 29,641 मीट्रिक टन, डीएपी 9,363 मीट्रिक टन, पोटाश 6,799 मीट्रिक टन, एनपीके 19,951 मीट्रिक टन और सिंगल सुपर फास्फेट 11,151 मीट्रिक टन उपलब्ध है। आरसीएफ कंपनी से 350 मीट्रिक टन डीएपी और 150 मीट्रिक टन एनपीके की आपूर्ति भी प्राप्त हुई है। आगामी दो दिनों में पीपीएल और एचयूआरएल कंपनियों की यूरिया, डीएपी और टीएसपी की रैक आने की संभावना है।

खतौनी और आधार लेकर जाएं किसान
किसानों को उनकी मांग और खतौनी के आधार पर सहकारी एवं निजी बिक्री केंद्रों से खाद उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों से अपील की गई है कि खाद खरीदते समय अपनी खतौनी और आधार कार्ड अवश्य लेकर जाएं, ताकि भूमि के अनुपात में उर्वरक मिल सके। यदि किसी विक्रेता द्वारा निर्धारित मात्रा से कम खाद देने, अधिक मूल्य वसूलने या अन्य समस्या की शिकायत है तो कार्यालय समय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 05692-297733 पर संपर्क कर सकते हैं। शिकायतों का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए गए हैं।


























