Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव नगला चाहर निवासी 22 वर्षीय बोरिंग मिस्त्री दीपक वर्मा की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतका के पिता ने अपने भतीजे के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। बता दें कि थाना जहानगंज क्षेत्र में बोरिंग मिस्त्री दीपक का शव गुरुवार सुबह गांव सरवर आलमपुर में पड़ा मिला था। मृतक के भाई जबर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

गुस्से में आकर दिया गया खौफनाक घटना को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की रात करीब आठ बजे युवती के पिता जब खेत से घर लौटे तो उन्होंने अपनी पुत्री के साथ दीपक को मौजूद पाया। इस बात से आक्रोशित होकर पिता ने पहले दीपक पर डंडे से प्रहार किया और फिर अपने भतीजे को भी बुला लिया। दोनों ने मिलकर रस्सी से गला कसकर दीपक की हत्या कर दी। रात करीब 11 बजे जब आसपास के लोग सो गए, तब उन्होंने शव को घर से बाहर निकालकर शौचालय के पास खाली पड़े एक खंडहर में डाल दिया।

पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
जहानगंज थानाध्यक्ष बृजमोहन पाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा, रस्सी, खून से सनी शर्ट और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल उसके भतीजे की तलाश के लिए उपनिरीक्षक घनश्याम को लगाया गया है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

मरणासन्न युवती को अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस खौफनाक वारदात के दौरान आरोपियों ने युवती की भी गला दबाकर हत्या का प्रयास किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी पिता ने फर्रुखाबाद निवासी अपने दामाद को फोन कर बुलाया, जिसने अचेत अवस्था में पड़ी युवती को मिर्जापुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवती की हालत में सुधार होने पर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।


























