Farrukhabad News : गुरुवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के कृषि विभाग के कार्यालय में एक चपरासी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक चपरासी की पहचान फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव राजा नगला निवासी फेरू सिंह के 42 वर्षीय पुत्र होशियार सिंह के रूप में हुई। चपरासी का शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

कार्यालय के अंदर चारपाई पर मिला शव
बता दें कि सुबह करीब आठ बजे कार्यालय खुलने के समय सबसे पहले सफाई कर्मचारी वहां पहुंचा। उसने मुख्य गेट पर अंदर से ताला लगा देखा। काफी प्रयास के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। कार्यालय के गेट के पास बदबू आने पर उसने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मुख्य गेट का ताला खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो कार्यालय के एक कमरे में चारपाई पर होशियार सिंह का शव पड़ा मिला।

दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा था शव
शुरुआती जांच में शव दो से तीन दिन पुराना लग रहा था और उसमें सड़न शुरू हो गई थी। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक विभाग की टीम ने फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कर साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस व कृषि विभाग के कर्मचारियों के द्वारा होशियार सिंह की मौत की सूचना परिजनों को दी गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक आश्रित कोटे से मिली थी नौकरी
परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि होशियार सिंह को अपने परिवार में हुई मौतों के बाद मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी। उनके पिता फेरू सिंह की मृत्यु के बाद उनके भाई जोगेंद्र सिंह को नौकरी मिली थी। भाई की मृत्यु के बाद होशियार सिंह को यह नौकरी मिली थी। होशियार सिंह की अभी शादी नहीं हुई थी। कृषि उपनिदेशक अरविंद मोहन मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि होशियार सिंह की रात में कार्यालय में ड्यूटी लगी थी और वह रात में कार्यालय परिसर में ही रुकते थे। दीपावली की छुट्टियों के बाद सोमवार को कार्यालय खुला था, जबकि मंगलवार और बुधवार को फिर अवकाश रहा। सोमवार शाम को होशियार सिंह कार्यालय आए थे।

अधिकारियों और पुलिस ने की जांच
कृषि उपनिदेशक ने बताया कि शव कार्यालय के अंदर चैनल के पास पड़ा था। मुख्य गेट और अंदर के चैनल पर भी अंदर से ताला लगा हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के साथ सीओ सिटी अभय वर्मा भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ सिटी अभय वर्मा के अनुसार, शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। परिजनों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होशियार सिंह की मौत की सही वजह सामने आएगी।


























