फर्रुखाबाद : ठंडी सड़क पर सजी ग्रीन बेल्ट, ओपन जिम और आकर्षक लाइट्स का हुआ भव्य लोकार्पण

Farrukhabad News : फर्रुखाबाद की नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने शहर की प्रसिद्ध ठंडी सड़क पर रेलवे रोड से देवरामपुर क्रॉसिंग तक के मार्ग पर आधुनिक सुविधाओं से सजे नवनिर्मित प्रोजेक्ट का दीप प्रज्ज्वलित कर और शिलापट का अनावरण करके भव्य उद्घाटन किया। इस पूरी विकास परियोजना पर लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत आई है। इस पहल से न केवल इस मार्ग का रूप बदला है, बल्कि स्थानीय लोगों को भी एक स्वच्छ और आधुनिक वातावरण की सौगात मिली है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ मार्ग, ओपन जिम और ग्रीन बेल्ट बनी आकर्षण का केंद्र

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत ठंडी सड़क के कायाकल्प में कई आधुनिक सुविधाओं को शामिल किया गया है। पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ पर इंटरलॉकिंग और टाइल्स लगाई गई हैं, तो वहीं पर्यावरण को हरा-भरा रखने के लिए सुंदर ग्रीन बेल्ट और स्टील बेल्ट की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, सेहत के प्रति जागरूक युवाओं और बुजुर्गों के लिए यहां ‘ओपन जिम’ की भी स्थापना की गई है। रात के समय मार्ग की खूबसूरती बढ़ाने के लिए आकर्षक और आधुनिक लाइटें लगाई गई हैं, जो इस पूरे रास्ते को जगमग कर रही हैं।

 

 

 

 

 

शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने का निरंतर हो रहा प्रयास

उद्घाटन समारोह के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने उपस्थित गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि शहर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की शुरुआत में फतेहगढ़ में भी इसी तर्ज पर ‘अस्तोग्य पथ’ का शुभारंभ किया गया था, जिसे जनता ने खूब सराहा था। इस दौरान पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी मनोज अग्रवाल, देवांश अग्रवाल, बापू सोनी, अतुल शंकर दुबे, विवेक यादव समेत क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और ठेकेदार मौजूद रहे, जिन्होंने इस शानदार विकास कार्य की सराहना की।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें