Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में एडेड कॉलेजों के शिक्षकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। कानपुर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) और जिला इकाई के नेतृत्व में शिक्षकों ने जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन प्रेषित किया है। इस ज्ञापन में शिक्षकों से जुड़ी कुल 30 प्रमुख मांगों को शामिल किया गया है, जिन पर जल्द से जल्द विचार करने की अपील की गई है ताकि शिक्षण कार्य और व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।


पुरानी पेंशन बहाली और सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने की मांग
उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाल किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है. शिक्षकों का कहना है कि एडेड कॉलेजों के शिक्षकों को भी सांसदों और विधायकों की भांति पुरानी पेंशन का लाभ मिलना चाहिए। इसके साथ ही, यूजीसी की सिफारिशों के अनुरूप सेवानिवृत्ति की आयु को बढ़ाकर 65 साल करने तथा राज्य कर्मचारियों की तरह चिकित्सीय अवकाश दोबारा शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई है।


समर्थ पोर्टल और पदोन्नति की पेचीदगियों से राहत की गुहार
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने समर्थ पोर्टल से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों और प्रोफेसर पद पर पदोन्नति की शर्तों को लेकर नाराजगी जताई है। शिक्षकों ने मांग की है कि प्रोफेसर पद पर पदोन्नति के लिए अनिवार्य 110 एपीआई और 10 शोध पत्रों की कठिन शर्त को हटाया जाए. इसके अतिरिक्त, निदेशक स्तर पर 15 दिन के भीतर प्रक्रिया पूरी करने, एनओसी की शर्त समाप्त करने तथा ऑनलाइन तबादले की एक सरल और सुगम प्रक्रिया शुरू करने की भी मांग की गई है।

जीपीएफ और पेंशन भुगतान में देरी पर चिंता
शिक्षकों ने सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षकों के जीपीएफ और पेंशन भुगतान में हो रही अनावश्यक देरी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे जल्द दूर करने की मांग की है। इस प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष डॉ. आलोक बिहारी लाल, जिला महासचिव डॉ. देवेंद्र सिंह, सत्य नारायण सिंह, डॉ. राम नरेश सिंह, डॉ. विनायक पांडेय, डॉ. ललित दुबे, डॉ. समीर कुमार गुप्ता, डॉ. रमा शंकर पांडेय, डॉ. पंचम कुमार, डॉ. अर्चना पांडेय, डॉ. सुदेश शर्मा, डॉ. सौरभ पांडेय, डॉ. मोहम्मद आमिर, डॉ. कुलदीप आर्या और अरविंद कुमार समेत कई अन्य शिक्षक मौजूद रहे।


























