फर्रुखाबाद : पुलिस ने किया साइबर ठगी के गैंग का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार – मोबाइल, एटीएम कार्ड और नकदी बरामद

Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में साइबर ठगी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बुधवार शाम फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम निकालने के लिए करते थे।

जस्ट डायल ऐप के जरिए लोगों को बनाते थे निशाना

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक कश्यप पुत्र राजू कश्यप निवासी मोहल्ला भोपतपट्टी, श्याम नगर थाना कादरी गेट, लखन सिंह पुत्र रमेश सिंह निवासी गुडेरा थाना अमृतपुर और शिवम सिंह पुत्र महेंद्र पाल सिंह निवासी गुडेरा थाना अमृतपुर के रूप में हुई है। आरोपियों पर जस्ट डायल ऐप के माध्यम से ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से संपर्क करने का आरोप है।

दूसरे लोगों के बैंक खातों का करते थे इस्तेमाल

पुलिस के अनुसार, आरोपी रुपयों के लेनदेन के लिए दूसरे व्यक्तियों के नाम पर खुले बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। इन खातों के एटीएम कार्ड और यूपीआई आईडी में कथित तौर पर फर्जी नंबर दर्ज कराए जाते थे। इसके बाद खातों में आई रकम निकाल ली जाती थी।

मोबाइल, एटीएम कार्ड और नकदी बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 10 एटीएम कार्ड, पांच बैंकों की पासबुक, दो एफएओ फॉर्म, मोबाइल स्क्रीनशॉट, विभिन्न क्यूआर कोड और 14 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

न्यायालय की अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी

इस मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 16/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 317(2) और आईटी एक्ट की धारा 66D में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

 

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें