Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शमसाबाद थाना क्षेत्र में बिजली के तार और उपकरणों की चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस सनसनीखेज खुलासे की जानकारी पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बुधवार दोपहर ढाई बजे आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान दी। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

इस तरह देते थे वारदातों को अंजाम
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि ये शातिर चोर बेहद योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी पहले मोटरसाइकिल से नई बिजली लाइनों की रेकी करते थे, क्योंकि उन्हें पता होता था कि नई लाइनों में करंट नहीं होता है। इसके बाद वे रात के समय तारों को काटकर ले जाते थे। 13 अक्टूबर की रात शमसाबाद के नगला नान गांव में 18 पोल के तार, 1 अक्टूबर को मोहम्मदाबाद में 14 पोल के तार और 19 अगस्त को सिधौली गांव में ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर गिराकर तेल व वायरिंग चोरी की गई थी। 
एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई
शमसाबाद थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम लगातार इन अपराधियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर सातों आरोपियों को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सब्लू (कटरा रहमत खां), आमिर व आसीम (मऊरशीदाबाद), बीपी सिंह व लाल बहादुर (मिल्किया, नवाबगंज), तस्लीम (कटरा रहमत खां) और संजय गंगवार (खेड़ा कुइयां, शमसाबाद) के रूप में हुई है। इन सभी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

भारी मात्रा में चोरी का सामान और वाहन बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं। इनमें एक लोडर, एक हीरो बाइक, एक बजाज बाइक, हाईटेंशन लाइन के बिजली तारों के बंडल, केबल के टुकड़े, करीब 4 किलो तांबे की पत्तियां, दो कटर, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और ट्रांसफार्मर का तेल शामिल है। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर इनके अन्य साथियों और चोरी का सामान खरीदने वालों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


























