फर्रुखाबाद : ट्रेनों में चोरी करने वाली महाराष्ट्र की चार महिला चोरों को जीआरपी ने लिया गिरफ्तार, चार मोबाइल बरामद

Farrukhabad News : फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़े चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। बता दें कि राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाने के प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा अपनी टीम के साथ मंगलवार सुबह प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर दो-तीन के अंतिम छोर पर चार महिलाएं संदिग्ध अवस्था में बैठी नजर आईं। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की और उनकी तलाशी ली, तो उनके कब्जे से चोरी किए गए चार मोबाइल फोन बरामद हुए।

महाराष्ट्र से आकर देती थीं वारदातों को अंजाम

पुलिस पूछताछ में पकड़ी गई महिलाओं ने अपनी पहचान महाराष्ट्र के जिला व शहर वर्धा (अशोकनगर) निवासी के रूप में दी है. इनमें शुभांगी शेंडे (पति जोगिंदर शेंडे), विधा लोडे (पति धुनवा लोडे), चांदनी शेंडे (पति बाबूजी शेंडे) और आरती लोडे (पति सोहन सिंह लोडे) शामिल हैं. पुलिस ने जब ‘यक्ष एप’ (Yakhsh App) पर इन महिलाओं के फोटो अपलोड कर इनके आपराधिक इतिहास की जांच की, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। पता चला कि इनमें से तीन महिलाएं पहले भी कई मामलों में जेल जा चुकी हैं।

त्योहारों और मेलों की भीड़ बनती थी निशाना

जीआरपी प्रभारी ने जानकारी दी कि ये शातिर महिला अपराधी मेलों और त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाली ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अपना निशाना बनाती थीं। ये मौका पाकर यात्रियों के मोबाइल, आभूषण और अन्य कीमती सामान चुरा लेती थीं। इन आरोपियों के खिलाफ कानपुर के कल्याणपुर, चांदनी पर महोबा कोतवाली, जीआरपी बांदा और लखनऊ के चारबाग थाने में पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने चारों महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें