Farrukhabad News : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रख्यात चिकित्सक एवं शिक्षाविद् डॉ. वी.डी. शर्मा की छठवीं पुण्यतिथि पर जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र के तीन शिक्षण संस्थानों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उनके सामाजिक योगदान, शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में किए गए कार्यों को याद करते हुए लोगों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

केएसआर इंटर कॉलेज में सीओ ने किया माल्यार्पण
कंपिल स्थित केएसआर इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी कायमगंज अजय वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने डॉ. शर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. शर्मा ने शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। साथ ही कायमगंज क्षेत्र के लोगों के सुख-दुःख में हमेशा सहयोग किया। उनके परोपकारी कार्यों को आज भी लोग याद करते हैं।

पिता के संकल्प को आगे बढ़ा रहे डॉ. विकास शर्मा
सीओ अजय वर्मा ने डॉ. शर्मा के पुत्र एवं विद्यालय प्रबंधक डॉ. विकास शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने पिता के संकल्प और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें डॉ. शर्मा से व्यक्तिगत रूप से मिलने का अवसर नहीं मिला, लेकिन लोगों से उनके बारे में सुनकर उनके व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान का पता चलता है।

इस दौरान डॉ. विकास शर्मा ने भी अपने पिता को याद करते हुए भावुक होकर कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि वे अपने पिता के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए जनता की सेवा करते रहें। कार्यक्रम में होरीलाल मिश्रा, प्रधानाचार्य दीनदयाल सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

जनता इंटर कॉलेज और शिव ज्ञान मंदिर में भी हुए कार्यक्रम
इससे पूर्व जनता इंटर कॉलेज रशीदाबाद में प्रधानाचार्य रचना उमराव और समस्त विद्यालय परिवार ने डॉ. वी.डी. शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। वहीं शिव ज्ञान मंदिर हाईस्कूल में विद्यालय प्रबंधक डॉ. विकास शर्मा, प्रधानाचार्य अमरनाथ शुक्ला, डॉ. शर्मा के पौत्र सजल शर्मा और विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तीनों शिक्षण संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से डॉ. वी.डी. शर्मा के शिक्षा, चिकित्सा और समाजसेवा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया गया।


























