फर्रुखाबाद : खाद की कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने दिए कड़े निर्देश

Farrukhabad News : सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्थित कलक्ट्रेट सभागार में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना था।

खाद की कालाबाजारी पर नकेल, खाली न रहें समितियां

प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि जिले में खाद की कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियां किसी भी स्थिति में खाद से खाली नहीं रहनी चाहिए। उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण पर पैनी नजर रखी जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। ओवररेटिंग, अवैध भंडारण और नियमों के विरुद्ध वितरण करने वाले विक्रेताओं के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने सड़कों के निर्माण व मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, दीपावली के पावन पर्व पर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। डीटीओ श्याम कुमार तिवारी ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति से सभी को अवगत कराया।

जरूरतमंदों को बांटे गए चेक और स्वीकृति पत्र

समीक्षा बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, कृषि यंत्र, मिनी किट, नियुक्ति पत्र और आवास की चाबियां वितरित कीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रभारी मंत्री को भगवान गणेश व माता लक्ष्मी की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक मोनिका यादव, विधायक सुनील दत्त द्विवेदी, सुशील कुमार शाक्य, नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, एसपी आरती सिंह, सीडीओ विनोद गौड़, एडीएम अरुण सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें