Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित एलवाई डिग्री कॉलेज के शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली (OPS) और फीडर कैडर जैसी प्रमुख मांगों को लेकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया है। फुफुक्टा (FUFUTA) के आह्वान पर सोमवार को कॉलेज परिसर में शिक्षकों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर सरकार के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया। शिक्षकों का यह विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, लेकिन उनकी आवाज में अपनी मांगों को लेकर पूरा दम और दृढ़ संकल्प दिखाई दिया।

तीन दिनों तक चलेगा विरोध, 5 नवंबर को डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
बता दें कि यह विरोध प्रदर्शन सिर्फ एक दिन का नहीं है, बल्कि शिक्षक 2, 3 और चार नवंबर तक लगातार काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करते हुए अपना विरोध जताएंगे। इसके बाद, आगामी 5 नवंबर को मुख्यमंत्री को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। शिक्षकों का कहना है कि यदि उनकी लंबित मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।

महाविद्यालय संघ के पदाधिकारियों ने भरी हुंकार
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान महाविद्यालय शिक्षक संघ इकाई के अध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा और महामंत्री अभिषेक कुमार सिंह ने सरकार से पुरानी पेंशन जल्द बहाल करने की पुरजोर मांग की। इस आंदोलन में कूटा के जिला महामंत्री डॉ. देवेंद्र कुमार, डॉ. विपिन सिंह, डॉ. आशीष तिवारी, ब्रजेश वर्मा, दिनेश चंद्र और अरविंद कुमार समेत कई अन्य शिक्षक मौजूद रहे। सभी शिक्षकों ने एक स्वर में कहा कि कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पुरानी पेंशन का लौटना बेहद आवश्यक है।


























