Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद की तहसील सदर बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कमेटी का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार शाम 4 बजे तहसीलदार सदर कार्यालय के सामने परिसर में बहुत धूमधाम से संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के उपाध्यक्ष अनुराग पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद मुकेश राजपूत ने की। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में सदर एसडीएम संजय कुमार और तहसीलदार विक्रम सिंह चाहर भी उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई गई पद और गोपनीयता की शपथ
मुख्य अतिथि अनुराग पांडेय ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामेंद्र कटियार, सचिव ओम प्रकाश दुबे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव यादव, कनिष्ठ उपाध्यक्ष होशियार सिंह राजपूत, संयुक्त सचिव हेमराज सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष राजेश वर्मा, ऑडिटर संतोष राजपूत और पुस्तकालय मंत्री उमेश सारस्वत को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनके साथ ही कमेटी के कार्यकारी सदस्यों ने भी पूरी निष्ठा के साथ शपथ ग्रहण की।

आपस में न पड़ने दें फूट, संगठन में ही होती है असली शक्ति
अ अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अनुराग पांडेय ने कहा कि फर्रुखाबाद उनके घर जैसा है। उन्होंने नवनिर्वाचित टीम को बधाई देते हुए हर मोड़ पर साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। उन्होंने वकीलों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन में ही असली शक्ति होती है, इसलिए किसी के बहकावे में आकर आपस में फूट बिल्कुल न पड़ने दें।
क्षतिग्रस्त तहसील भवन के लिए हाईकोर्ट से बजट दिलाने का आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान क्षतिग्रस्त तहसील सदर भवन की समस्या पर बोलते हुए अनुराग पांडेय ने कहा कि जिला प्रशासन और डीएम के माध्यम से इसका प्रस्ताव हाईकोर्ट के कलेक्शन डिपार्टमेंट को भेजा जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं प्रयास करके हाईकोर्ट से भवन निर्माण के लिए ज़रूरी धनराशि स्वीकृत कराएंगे। समारोह में एल्र्ड्स कमेटी के अध्यक्ष देव प्रकाश अवस्थी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


























