Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में आगामी जनगणना-2027 को सुचारू और सफल बनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी गति से चल रही हैं। इसी कड़ी में तहसील कायमगंज स्थित एल.वाई. डिग्री कॉलेज में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस महत्वपूर्ण सत्र के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने जनगणना कार्य से जुड़ी बारीकियों को साझा करते हुए कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
कार्मिकों को बांटे गए नियुक्ति पत्र, आईडी कार्ड और एएचएल सामग्री
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन उपजिलाधिकारी एवं उप जिला जनगणना अधिकारी, कायमगंज तथा जिला जनगणना प्रभारी अधिकारी ने व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पहले सत्र में प्रशिक्षण ले रहे कुल 450 प्रगणकों को आधिकारिक नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र (आईडी कार्ड) और एएचएल (AHL) सामग्री वितरित की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन कार्मिकों को आज सामग्रियां मिल चुकी हैं, शेष बचे हुए कार्मिकों को अगले दिन प्रक्रिया के तहत ये सामग्रियां उपलब्ध करा दी जाएंगी।
जानिए जनगणना-2027 की प्रमुख तिथियां और समय-सारिणी
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को जनगणना प्रक्रिया के विभिन्न चरणों और उनकी निर्धारित समय-सारिणी से अवगत कराया। इसके तहत:
- स्व-गणना (Self Enumeration): 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक।
- जनसंख्या गणना (Population Enumeration): 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक।
- पुनरीक्षण चरण (Revisional Round): 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक।
- संदर्भ तिथि (Reference Date): 05 जनवरी 2027 की रात्रि 12:00 बजे (00:00 Hrs)।
सटीक आंकड़ों के संकलन पर दिया गया विशेष जोर
प्रशासन ने इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में गुणवत्ता, शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना का यह कार्य देश और समाज के विकास की योजनाएं तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए सभी प्रगणक और पर्यवेक्षक पूरी गंभीरता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें ताकि धरातल पर किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे और तय समय-सीमा के भीतर सटीक आंकड़े जुटाए जा सकें।


























